
इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र के हाथीपाला इलाके में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपने ही करीबी दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।मृतक की पहचान फिरोज उर्फ कालू निवासी पठान मोहल्ला के रूप में हुई है। गुरुवार को वह अपने दोस्त अरबाज, निवासी चंपाबाग, के साथ हाथीपाला क्षेत्र में था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।गुस्से में आकर अरबाज ने पास में रखे धारदार चाकू से फिरोज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने घायल फिरोज को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे घावों से ज्यादा खून बहने के चलते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।सूचना मिलते ही रावजी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल का कहना है कि आरोपी अरबाज के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
