इंदौर के सविंद नगर स्थित सब्जी मंडी को हटाने के विरोध में सोमवार को सब्जी विक्रेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों पुरानी मंडी बंद किए जाने और ठेले जब्त करने की कार्रवाई से नाराज विक्रेता सड़क पर उतर आए और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।विक्रेताओं का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के की गई इस कार्रवाई से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की है कि जब्त किए गए ठेले तत्काल वापस किए जाएं और मंडी लगाने के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए।विक्रेताओं के मुताबिक, करीब 50 साल पुरानी यह मंडी स्थानीय लोगों के लिए भी बेहद सुविधाजनक रही है, लेकिन इसे हटाने से रहवासियों को भी सब्जी खरीदने में परेशानी हो रही है।नगर निगम द्वारा रिंग रोड ब्रिज के नीचे वैकल्पिक स्थान देने की बात कही गई है, लेकिन विक्रेताओं ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और अब सभी की नजरें नगर निगम के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
