इंदौर। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए चलती बाइक और स्कूटी पर शराब पीते हुए स्टंट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद इंदौर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक और स्कूटी भी जब्त कर ली है।पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भोपाल के निवासी हैं और इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। वायरल वीडियो में उनके साथ कुछ युवतियां और अन्य साथी भी दिखाई दे रहे हैं, जिनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया।पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
