इंदौर। देवास नाका क्षेत्र में निर्माणाधीन ब्रिज की सर्विस रोड के लिए सोमवार को इंदौर विकास प्राधिकरण और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार ये दुकानें वर्षों से प्राधिकरण की जमीन पर अतिक्रमण कर संचालित की जा रही थीं, जिससे सर्विस रोड निर्माण में बाधा आ रही थी।जानकारी के मुताबिक एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे ब्रिज का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। ब्रिज के पास सर्विस रोड निर्माण के लिए जमीन खाली कराना आवश्यक था। नगर निगम ने एक माह पूर्व ही संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया था। दुकानों में रेस्टोरेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटो पार्ट्स सहित कई व्यवसाय संचालित हो रहे थे।कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अमला चार पोकलेन मशीनों और 50 से अधिक श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचा। अधिकांश दुकानदार पहले ही अपना सामान हटा चुके थे, जबकि एक मोबाइल दुकान का ताला खुलवाकर सामान बाहर निकलवाया गया। करीब दो घंटे चली कार्रवाई में सभी दुकानों को जमींदोज कर दिया गया।नगर निगम मंगलवार से मलबा हटाने का कार्य शुरू करेगा। इसके बाद जमीन एमपीआरडीसी को सौंपी जाएगी और लगभग 15 दिन बाद सर्विस रोड निर्माण का काम शुरू होने की संभावना है।
