इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और गहने देखने के बहाने दुकान संचालक व कर्मचारियों को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका पाकर वह सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का पता चलते ही दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।कनाड़िया थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उसके भागने के संभावित रास्तों पर लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
