धार। शहर के सरकारी इमामबाड़े को लेकर मंगलवार को अचानक माहौल गर्मा गया। इंदौर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग इमामबाड़ा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने लगे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और नारेबाजी शुरू हो गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है।प्रशासन का कहना है कि मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि प्रशासन लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह कर रहा है।
