उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से करीब 40 फीट ऊपर लटकाई गई टाटा मैजिक वैन को धमाके के साथ उड़ाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला, जिसका वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है।23 जून की रात अडान मोहल्ले से निकले मोहर्रम जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से हवा में लटकाया गया था। वैन पर दो युवक सवार होकर लाल झंडे लहराते नजर आए। इसके बाद अचानक तेज धमाके के साथ वैन को विस्फोट कर उड़ा दिया गया। बताया जाता है कि वैन पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था।घटना का वीडियो parvez_edits_2.0 नामक इंस्टाग्राम आईडी से वायरल हुआ, जिसमें विस्फोट के अलावा युवकों के खतरनाक स्टंट भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आए।बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार के अनुसार वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोट में किस सामग्री का उपयोग किया गया और इसके लिए विधिवत अनुमति ली गई थी या नहीं।ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में शोएब पिता गब्बू खान, जाहिद पिता भूरा खान और तपसील उर्फ तस्लीम पिता नेहरू खान निवासी अडान मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत धारा 110, 125(ए), 287, 288, 223(बी), 285 और 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनका जुलूस भी निकाला, ताकि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सख्त संदेश दिया जा सके। सूत्रों के अनुसार प्रशासन आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की तैयारी भी कर रहा है।
