बदमाशी-कटरबाजी और अड़ीबाजी के आरोपी को पुलिस ने अनोखे अंदाज में गिरफ्तार किया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मंगरा बसोर को पुलिस हाथठेले पर बैठाकर थाने लेकर पहुंची। इस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है।मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 11 फरवरी को भास्कर श्रीवास्तव नामक ऑटो चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्राइवेट बस स्टैंड पर सवारी का इंतजार करते समय आरोपी ने उससे कथित रूप से 300 रुपए की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पहले मारपीट की, फिर रेडियम कटर से हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी किसी अन्य विवाद में घायल हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर इलाज भी कराया था।
