मेरठ के चर्चित मुस्कान हत्याकांड के बाद अब आगरा से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि रूबी शर्मा नामक महिला ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में टाइल्स के नीचे छिपा दिया। इसके बाद उसने खुद थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।पुलिस पिछले 45 दिनों से सुरेंद्र शर्मा की तलाश में जुटी थी, लेकिन घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उनके बाहर जाते हुए कोई फुटेज नहीं मिला। इससे जांच का शक पत्नी पर गहरा गया।पुलिस ने रूबी शर्मा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या कर शव को बाथरूम में छिपाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम की टाइल्स हटाकर शव निकालने की कार्रवाई की गई।फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
