
इंदौर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ ने छोटा बांगड़दा क्षेत्र के स्कूल वाहनों की आकस्मिक जांच की, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों में 3 स्कूल बसें, 3 ट्रेवलर और 4 मैजिक वाहन शामिल हैं।जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर और सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बच्चों और अभिभावकों से वाहन चालकों की तेज रफ्तार, मोबाइल के इस्तेमाल और अन्य सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर भी फीडबैक लिया।निरीक्षण में कई वाहन सर्वोच्च न्यायालय के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते पाए गए, जबकि तीन वाहनों के परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र भी समाप्त हो चुके थे। मौके पर ही सभी 10 वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की गई।आरटीओ ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के वाहनों की आकस्मिक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी। संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल फिट और वैध दस्तावेजों वाले वाहनों का ही संचालन किया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।



