खबर सत्याग्रह | इंदौर
प्रदेश में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस ने बुधवार को ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त कार्यालय, पलासिया से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर की।
कार्यक्रम में अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, ट्रेनी डॉक्टर्स और नागरिकों को अवेयरनेस बैज लगाए गए तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। रैली का सबसे बड़ा आकर्षण जागरूकता संदेश देता रोबोट रहा, जो सबसे आगे चलकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करता रहा। रैली पलासिया से गिटार तिराहा, घंटाघर होते हुए 56 दुकान तक निकाली गई।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
अभियान के तहत 15 से 30 जुलाई तक शहरभर में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, पोस्टर, चित्रकला, रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया अभियान सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
रैली में करीब 2500 विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, ट्रैफिक मित्रों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, ट्रेनी डॉक्टर्स और नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त राजेश त्रिपाठी, अमन सिंह राठौर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह, राजेश दंडोतिया सहित इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
