पुलिस कमिश्नर ने किया पुरस्कृत
(खबर सत्याग्रह)इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में हाल ही में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ हुई प्रभावी पुलिस कार्रवाई में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले प्रधान आरक्षक देवेन्द्र यादव (३३२६) व विश्वरतन परिहार (३३८६) को इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने प्रशस्ति स्वरूप पुरस्कृत किया।देवेन्द्र यादव और विश्वरतन परिहार ने उन दो चर्चित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिनकी शहरभर में चर्चा रही। पहले मामले में हीरानगर पुलिस ने आर्यन सिंह कुशवाह को छह ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने ड्रग्स के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की, जो अभी भी जारी है।वहीं दूसरे मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने तथाकथित ‘चाकू गैंग’ का पर्दाफाश किया था। वीडियो में युवक धारदार चाकू लहराते हुए और नशा करते हुए दिखाई दिए थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कान्हा शर्मा और उदय तिवारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए थे। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा २५ के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान स्कीम नंबर-७८ क्षेत्र के कुछ संभावित खरीदारों के नाम भी सामने आए थे।इन दोनों मामलों में तत्परता, सूझबूझ और प्रभावी पुलिस कार्रवाई को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने प्रधान आरक्षक देवेन्द्र यादव और विश्वरतन परिहार को सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की। यह सम्मान पुलिस बल के उन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपराध और नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
