इंदौर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर इंदौर के सुभाष चौक स्थित श्री रामभक्त हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान का अनूठा एवं भव्य राष्ट्रभक्ति विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भारतीय सेना के सैन्य शिविर की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। हनुमान जी का यह विशेष स्वरूप आधुनिक भारतीय सेना के वीर जवानों तथा मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को समर्पित रहा।नित्य आरती के दौरान जीतू गुरु द्वारा देश के वीर जवानों का विशेष सम्मान एवं स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और भक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति के अद्भुत संगम के साक्षी बने। आयोजकों का दावा है कि पूरे भारतवर्ष में पहली बार भगवान हनुमान का इस प्रकार राष्ट्रभक्ति को समर्पित विशेष श्रृंगार किया गया है। आयोजन ने श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ-साथ देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को भी और प्रबल किया।
