Oplus_131072
इंदौर। सावन के पहले सोमवार को बाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे कुछ युवकों का कथित हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम यूजर्सyuvraj_ydv_1_13_7,event.boy.karan999,gappu_ji_bajrangi1318,@veeru_mali_97 द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में इंदौर-उज्जैन रोड पर दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार युवक सड़क पर हुड़दंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक कथित रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालते, स्टंटबाजी करते, शोर-शराबा मचाते और चलते वाहन पर वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में एक बुलेट का वाहन क्रमांक MP09QU8698 भी नजर आ रहा है।गौरतलब है कि इंदौर पुलिस पिछले लंबे समय से मॉडिफाइड साइलेंसर और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। पुलिस अब तक कई वाहनों पर कार्रवाई कर चुकी है और जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से नष्ट कर चुकी है। इसके बावजूद इस तरह का वीडियो सामने आना पुलिस के अभियान पर सवाल खड़े कर रहा है।सड़क पर इस प्रकार का हुड़दंग, तेज रफ्तार में लापरवाही और मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।हालांकि, वीडियो को इंदौर-उज्जैन रोड का बताया जा रहा है और यह सोमवार का बताया गया है। अब सवाल यह है कि जब वायरल वीडियो में वाहन क्रमांक भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है, तो क्या इंदौर पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी, या फिर यह वीडियो भी सोशल मीडिया की चर्चा बनकर रह जाएगा?> (नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तैयार की गई है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।)
