कुलकर्णी नगर के शासकीय अंबेडकर स्कूल में शैक्षणिक सामग्री वितरित, विशेष भोज का आयोजन; विधायक रमेश मेंदोला व भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
इंदौर। कुलकर्णी नगर स्थित शासकीय अंबेडकर स्कूल में पार्षद जीतू यादव के प्रयासों से जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कॉपी, किताबें, बैग सहित अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष भोज का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रमेश मेंदोला एवं भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने हाथों से बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की तथा मंच से विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का भावनात्मक दृश्य तब देखने को मिला, जब विधायक रमेश मेंदोला और पार्षद जीतू यादव स्वयं बच्चों को भोजन परोसते नजर आए। इस आत्मीयता ने बच्चों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर स्कूल की छात्राओं ने पार्षद जीतू यादव के सामाजिक सरोकारों और शिक्षा के प्रति समर्पण की खुलकर सराहना की। छात्राओं ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करते हैं।पार्षद जीतू यादव ने बताया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से यह विशेष आयोजन पिछले 17 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।यह आयोजन शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और उत्साह का संचार करने वाला साबित हुआ।
