इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने अवैध फायर आर्म्स की तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी संजय उर्फ संजू मराठा (50) को गिरफ्तार किया है। आरोपी गुमास्ता नगर का निवासी है और प्रॉपर्टी ब्रोकिंग के साथ ई-रिक्शा किराए पर देने का काम करता है।पुलिस के अनुसार, थाना अपराध शाखा में दर्ज अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत पहले ही दो आरोपियों परसराम उर्फ परसिया और सोहेल उर्फ बलबली को गिरफ्तार किया जा चुका था। उनके कब्जे से 4 देसी पिस्टल, 4 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, एक मारुति स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।विवेचना के दौरान संजय मराठा की संलिप्तता सामने आने के बाद वह फरार हो गया था। क्राइम ब्रांच ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। अब आरोपी से अवैध हथियारों के स्रोत, सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।पुलिस के मुताबिक संजय मराठा के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट, धमकी, रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों और अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क की तलाश जारी है।
