छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बुधवार को इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन किया। राऊ स्थित आईपीएस कॉलेज से छात्र किल रैली के रूप में विश्वविद्यालय के आरएनटी मार्ग स्थित मुख्यालय पहुंचे थे।प्रदर्शन के दौरान छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा करने के लिए अधिकारियों का इंतजार करते रहे। बताया जा रहा है कि जब प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी छात्रों से मिलने नहीं पहुंचा तो प्रदर्शन कर रहे छात्र उग्र हो गए। इस दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट पर छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बन गई।उग्र प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट को तोड़ दिया। गेट टूटने की सूचना मिलते ही छोटी ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गेट तोड़ने और प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही जा रही है। वहीं छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए एक बार फिर चुनौती बन गया है।
