इंदौर। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की 40 दानपेटियों की काउंटिंग मंगलवार को पूरी हो गई। अगस्त में खोली गई इन दानपेटियों से कुल 1 करोड़ 81 लाख 12 हजार 50 रुपए की राशि प्राप्त हुई है। मार्च में हुई पिछली काउंटिंग के मुकाबले इस बार करीब 46 लाख रुपए अधिक दान प्राप्त हुआ है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक प्राप्त राशि मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई है।मंदिर के पुजारी पंडित अशोक भट्ट के अनुसार, पिछले कई दिनों से मंदिर परिसर में ही दानपेटियों को खोलकर उनमें निकले नोटों और सिक्कों की गिनती की जा रही थी। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए काउंटिंग स्थल पर चार CCTV कैमरे लगाए गए थे। इसके साथ ही एक वीडियोग्राफर भी मौजूद रहा, जिसने पूरी काउंटिंग प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग की। दानपेटियों को काउंटिंग स्थल तक लाने के दौरान भी वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई थी।सात दिनों में हुई काउंटिंगदानपेटियों से निकली राशि की दिनवार काउंटिंग में 10 अगस्त को 31 लाख, 11 अगस्त को 41 लाख, 12 अगस्त को 37 लाख, 13 अगस्त को 21 लाख और 14 अगस्त को 41 लाख रुपए की राशि गिनी गई। इसके बाद 17 अगस्त को 3 लाख 80 हजार और 18 अगस्त को 6 लाख 32 हजार 50 रुपए की काउंटिंग हुई। इस तरह कुल राशि ₹1,81,12,050 रही।इससे पहले मार्च 2026 में खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियां खोली गई थीं, जिनसे करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपए प्राप्त हुए थे। अगस्त की काउंटिंग में यह राशि बढ़कर 1.81 करोड़ रुपए से अधिक हो गई।बुधवार को होगी गणेश उत्सव की तैयारियों पर बैठकइधर, खजराना गणेश मंदिर में आगामी गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर शिवम वर्मा सुबह 11 बजे मंदिर पहुंचकर गणेश उत्सव की तैयारियों, निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।बैठक में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वच्छता और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। आयोजन की विस्तृत रूपरेखा को अंतिम रूप देने के साथ भगवान गणेश के स्वर्ण मुकुट को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
