इंदौर नगर निगम की कथित ‘पीली गैंग’ एक बार फिर विवादों में है। एमआर-10 क्षेत्र में नगर निगम के जोन-6 के वार्ड 21 में पदस्थ दरोगा अभिजीत ओटवाल पर एक रहवासी से विवाद के बाद उसके सिर पर ईंट मारने का आरोप लगा है। हमले में शुभम नामक रहवासी के सिर में चोट आई है।जानकारी के मुताबिक, निगम कर्मचारी मौके पर किसी कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रहवासी शुभम और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दरोगा अभिजीत ओटवाल ने शुभम के सिर पर ईंट मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य रहवासियों ने निगम कर्मचारियों की गाड़ी को घेर लिया।रहवासियों ने निगम कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारी अक्सर शराबखोरी करने के लिए क्षेत्र में आते हैं। विवाद बढ़ने के बाद निगम कर्मचारी अपनी गाड़ी लेकर मौके से निकल गए।घायल शुभम इसके बाद रहवासियों के साथ शिकायत दर्ज कराने हीरा नगर थाने पहुंचा। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।अब सवाल यह है कि नगर निगम की कार्रवाई के दौरान आखिर विवाद की स्थिति क्यों बनी और क्या निगम कर्मचारियों द्वारा नियमों का पालन किया गया था? पुलिस शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच में आरोपों की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
