खातेगांव में ड्यूटी के दौरान थाना प्रभारी की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा शोक, घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन रवाना; दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
इंदौर | खबर सत्याग्रहदेवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से दिवंगत हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी राज्य सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने घोषणा की कि स्वर्गीय पुरी की धर्मपत्नी को पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। वहीं, परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विस्तृत और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए प्राण गंवाने वाले थाना प्रभारी दिलीप पुरी का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
