(खबर सत्याग्रह)इंदौर में मंगलवार शाम अचानक फैली अफवाह ने शहर का माहौल गर्मा दिया। पेट्रोल और डीजल की कमी की खबर फैलते ही शहरभर के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे बने कि लोग घंटों लाइन में लगकर ईंधन भरवाने के लिए इंतजार करते नजर आए।हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रशासन ने तुरंत स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है।जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारू ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के डिपो में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और वहां से लगातार डीलर्स को सप्लाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रह न करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
