
धार जिले के औद्योगिक नगर पीथमपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां सेक्टर-1 थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में एक नवजात बालिका का शव प्लास्टिक की थैली में मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार, यह घटना देवनारायण मंदिर के पास स्थित एक खाली प्लॉट पर सामने आई। दोपहर के समय क्षेत्र में कचरा बीनने वाली महिलाओं ने देखा कि कुछ कुत्ते एक प्लास्टिक की पन्नी के आसपास भौंक रहे हैं। शक होने पर महिलाओं ने जब पन्नी को खोलकर देखा, तो उसमें एक नवजात बच्ची का शव मिला। यह देख महिलाएं घबरा गईं और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही एक राहगीर ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। सूचना पर 112 स्टाफ के राहुल दामके और पायलट सन्नी चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पन्नी की जांच की, जिसमें नवजात बालिका मृत अवस्था में पाई गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अस्पतालों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि नवजात को यहां फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके।पीथमपुर सामुदायिक केंद्र के मेडिकल ऑफिसर हामिद अंसारी ने बताया कि भ्रूण बालिका का है लगभग 6 से 7 माह का है भ्रूण को अस्पताल में लेकर आए हैं पोस्टमार्टम होने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की बात कह रही है।
