Oplus_131072
बाइक टकराते ही धू-धू कर जली यात्री बस, मची अफरा-तफरी
महाराष्ट्र के अकौला-शेगांव रोड पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक यात्री बस मोटरसाइकिल से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि बस में सवार सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बालापुर-शेगांव मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक दोपहिया वाहन स्वस्तिक ट्रैवल्स की बस के नीचे फंस गया, जिससे बस का टायर फट गया। टायर फटने और अत्यधिक गर्मी के कारण बस में अचानक आग लग गई।घटना की सूचना मिलते ही बालापुर नगरपालिका और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि पूरी बस जलकर राख हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
