इंदौर। शहर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने राजबाड़ा पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता, महिलाएं और अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे रहवासी शामिल हुए। इस दौरान राजबाड़ा “पानी दो”, “महापौर इस्तीफा दो” और “महापौर मुर्दाबाद” के नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं आसपास की इमारतों की छतों से भी पुलिस निगरानी करती रही।धरने में शामिल महिलाएं खाली मटके, पानी की खाली बोतलें, तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचीं। महिलाओं ने कहा कि पहले दूषित पानी दिया गया और अब पानी ही नहीं मिल रहा। कांग्रेस नेता रीना बोरसी सेतिया भी हाथ में खाली मटकी लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महापौर, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, विधायकों, सांसदों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को घेरते हुए कहा कि इंदौर की जनता जहरीला पानी पीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तीन दिन में पानी की गुणवत्ता और जल संकट को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।धरने में शामिल पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने महापौर पर निशाना साधते हुए उन्हें “ऐक्सिडेंटल महापौर” बताया। उन्होंने कहा कि शहर में जनता पानी के लिए परेशान है, लेकिन नगर निगम समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है।प्रदर्शन में शामिल लोगों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए पानी की बौछार की गई, वहीं प्रदर्शनकारी लगातार “पानी दो” के नारे लगाते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर की कई कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं और टैंकरों से भी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।राजबाड़ा पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इससे पहले ही नगर निगम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। गेट बंद देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और पुलिस व कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की तथा हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर कई मटके फोड़े और एक मटका बैरिकेड्स के पार निगम गेट की ओर फेंक दिया।धरना-प्रदर्शन के चलते पुलिस ने खजुरी बाजार की ओर से आने वाले ट्रैफिक को गली मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल संकट का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हालांकि बाद में प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों द्वारा मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
पानी संकट पर बोले पार्षद राजू भदौरिया: “टंकियों में पानी भर दो और जनता तक सप्लाई कर दो”
कांग्रेस वार्ड नंबर 22 के पार्षद राजू भदौरिया ने जल संकट को लेकर नगर निगम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शहर की जनता पानी के लिए परेशान है और कई क्षेत्रों में पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंच रही। राजू भदौरिया ने कहा, “टंकियों में पानी भर दो और जनता तक सप्लाई कर दो, लोगों को पानी के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।” उन्होंने मांग की कि नगर निगम जल्द जल समस्या का समाधान करे ताकि लोगों को राहत मिल सके।
राजबाड़ा पर कांग्रेस के जन आंदोलन के बीच हाई अलर्ट: छतों से निगरानी, भारी पुलिस बल तैनात रहा
इंदौर के राजबाड़ा पर कांग्रेस के बड़े जन आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं प्रदर्शन स्थल और आसपास की इमारतों की छतों से पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इसके अलावा नगर निगम गेट के बाहर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी जा रही थी।
