इंदौर के थाना लसूडिया क्षेत्र अंतर्गत स्कीम नंबर 136 रोड पर शुक्रवार को एक ऑयल टैंकर से तेल लीक होने के कारण सड़क पर खतरनाक फिसलन फैल गई। ब्रिलियंट चौराहे से निरंजनपुर चौराहे तक करीब आधा किलोमीटर सड़क पर ऑयल फैलने से कई वाहन चालक असंतुलित होकर गिर पड़े, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय युवा तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को सतर्क करते हुए रास्ता बंद करवाने में मदद की। युवाओं ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही सड़क पर रेत डलवाने की व्यवस्था भी शुरू करवाई, ताकि फिसलन कम हो सके और कोई बड़ा हादसा न हो।सूचना मिलते ही थाना लसूडिया पुलिस और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में बैरिकेडिंग करवाई और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया। वहीं सड़क पर फैले ऑयल पर तत्काल रेत और मिट्टी डलवाई गई। नगर निगम कर्मचारियों ने भी मौके पर पहुंचकर ऑयल से प्रभावित हिस्से पर रेत डाली, जिससे सड़क की फिसलन कम हो सके और यातायात सुरक्षित तरीके से शुरू कराया जा सके। नगर निगम को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अलर्ट किया गया।पुलिस की तत्परता और स्थानीय युवाओं की सजगता के चलते बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल क्षेत्र में यातायात सामान्य और सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
