इंदौर पुलिस के जोन-2 अंतर्गत शुक्रवार देर रात विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जोन-2 के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मुख्य मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच की गई। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की।स्कीम नंबर-78 क्षेत्र में स्थित द हब मॉल, रेस्टोरेंट और कई कैफे के चलते देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और संदिग्ध वाहनों की जांच के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।डीसीपी जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेंद्र सिंह की उपस्थिति में जोन-2 अंतर्गत देर रात तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहा। अभियान के दौरान पुलिस बल द्वारा मुख्य मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, नंबर प्लेट एवं संदिग्ध गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक भी किया गया।वृंदावन चौराहे पर लगाए गए चेकिंग पॉइंट का डीसीपी जोन-2 द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी राजकुमार यादव सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता के साथ प्रभावी चेकिंग करने और देर रात संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। जोन-2 अंतर्गत इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
