3-4 लोग गंभीर घायल; हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इंदौर के व्यस्त सयाजी चौराहे पर रविवार को एक तेज रफ्तार जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सड़क पर पलटने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप तेज गति से आ रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला।इस दुर्घटना में 3 से 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्थानीय लोग और राहगीर मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकालते हुए नजर आ रहे हैं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
