आणंद जिले के अडास गांव में रेलवे का निर्माणाधीन आरओबी अचानक भरभराकर गिरा, कोई जनहानि नहीं; जांच में जुटे अधिकारी
गुजरात के आणंद जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अडास गांव में निर्माणाधीन रेलवे रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के दौरान ब्रिज पर रखे तीन भारी गार्डर भी नीचे आ गिरे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।जानकारी के मुताबिक, रेलवे विभाग की ओर से अडास गांव में पिछले करीब 15 महीनों से नए रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा था। शनिवार को अचानक निर्माणाधीन ढांचे का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इसके साथ ही वहां लगाए गए तीन विशाल गार्डर भी नीचे गिर गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रत्येक गार्डर की लंबाई 50 फीट से अधिक बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं रेलवे विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल ब्रिज के ढहने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी खामियों के पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना ने निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
