इंदौर। मालवा अंचल में सोमवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और हल्की बारिश ने इंदौर सहित देवास, उज्जैन और आसपास के कई शहरों को प्रभावित किया। सबसे ज्यादा असर इंदौर में देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के चलते 150 से अधिक पेड़ धराशायी हो गए। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से शहर के 25 से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रिंग रोड, विजयनगर, पलासिया, भंवरकुआं, राजेंद्र नगर और छत्रीपुरा सहित कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही।तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई, जिससे कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। न्याय नगर में ट्रैफिक सिग्नल गिर गया, जबकि गौरी नगर, परदेशीपुरा, राजवाड़ा और अन्य क्षेत्रों में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। एबी रोड, रिंग रोड और एमजी रोड पर पेड़ और होर्डिंग्स गिरने के कारण कई जगह जाम की स्थिति बन गई। धूल भरी आंधी के चलते कुछ देर तक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।आंधी के बाद नगर निगम, बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मैदान में उतरीं। क्रेन और कटर मशीनों की मदद से सड़कों से पेड़ हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित विभागों को देने की अपील की है। वहीं देवास और उज्जैन में भी तेज हवाओं और मौसम परिवर्तन का असर देखने को मिला, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि देर शाम तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई।
