Oplus_131072
पिकनिक मनाने गया 17 वर्षीय युवक डूबा
(रवि यादव)इंदौर/महू। महू के जंगलों में स्थित बामनिया कुंड में एक बार फिर हादसा हो गया। रविवार को इंदौर से पिकनिक मनाने पहुंचे युवकों के समूह में शामिल 17 वर्षीय आकाश खांडे कुंड में डूब गया। देर रात तक चले तलाश अभियान के बावजूद उसका शव बरामद नहीं हो सका।जानकारी के अनुसार आकाश अपने चार दोस्तों के साथ रविवार सुबह इंदौर से बामनिया कुंड घूमने गया था। शाम के समय सभी युवक कुंड में नहाने और तैरने उतरे। बताया जा रहा है कि कुंड में पानी काफी गहरा था और आकाश को तैरना नहीं आता था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तथा शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में समा गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। अंधेरा होने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। पुलिस सोमवार सुबह दोबारा खोज अभियान चलाएगी।आकाश खांडे इंदौर के प्रेस कॉम्प्लेक्स के पीछे सुंदर नगर क्षेत्र का है और एक गैरेज पर काम करता था। घटना की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके साथ गए चारों दोस्तों को थाने बुलाया है तथा मामले की जांच कर रही है।उल्लेखनीय है कि बामनिया कुंड में हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक और युवा पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। कुंड की गहराई और खतरनाक जलधाराओं से अनजान लोग अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं, जिसके बावजूद यहां सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संबंधी इंतजामों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
