
इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रही छात्रा अवंतिका मौर्य की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। गुरुवार देर रात हुई इस घटना के बाद गंभीर हालत में उसे पहले निजी अस्पताल और फिर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।पुलिस के मुताबिक, अवंतिका मौर्य धाकड़ कॉलोनी की एक निजी बिल्डिंग में अपनी बड़ी बहन डॉ. सपना मौर्य के साथ रह रही थी। सपना ने बताया कि अवंतिका तीन बार नीट परीक्षा में सफल नहीं हो सकी थी। हाल ही में परीक्षा रद्द होने के बाद वह तनाव में थी। घटना वाले दिन भी वह काफी चुप-चुप थी और सामान्य बातचीत नहीं कर रही थी।जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अवंतिका अपनी चचेरी बहन नैना से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान वह सीढ़ियां चढ़ते हुए छत की ओर चली गई और कुछ देर बाद नीचे गिर गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।अवंतिका मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी। उसके पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य खरगोन के भिकनगांव में मेडिकल ऑफिसर हैं। घटना के समय वे फ्लैट में मौजूद थे। घायल अवंतिका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि छात्रा के मोबाइल, कॉल डिटेल और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या आत्महत्या का मामला। एसएफएल टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
