महाराष्ट्र के परभणी जिला में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभामंडप (हॉल) की छत अचानक ढह गई। मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया है।जानकारी के अनुसार मंदिर के सामने सभामंडप निर्माण का कार्य चल रहा था। दोपहर के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे थे और दर्शन-पूजा के लिए कतार में खड़े थे। तभी बांस और लोहे की रॉड से बना सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया, जिससे निर्माणाधीन छत और पत्थर भरभराकर नीचे गिर पड़े।हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरा ढांचा गिरता दिखाई दे रहा है। शनिवार होने के कारण मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ मौजूद थी, जिससे जनहानि बढ़ गई।घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। यशवाड़ी गांव मनवत रोड पर स्थित है और यह छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर है। मंदिर परिसर में त्रिमूर्ति मंदिर के साथ हनुमानजी की काली प्रतिमा स्थापित है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में उपयोग किए जा रहे सेंट्रिंग ढांचे के कमजोर पड़ने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
