ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। ओंकारेश्वर को ममलेश्वर मंदिर से जोड़ने वाले ऐतिहासिक झूला पुल की लोडिंग तार की एक महत्वपूर्ण कड़ी (लिंक) टूट जाने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची तथा पुल का निरीक्षण किया। किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए पुल के दोनों ओर अस्थायी ताले लगाकर श्रद्धालुओं और आमजन के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।प्रशासन ने बताया कि पुल की मरम्मत और तकनीकी जांच पूरी होने तक इसे बंद रखा जाएगा। विशेषज्ञों की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच कर रही है और आवश्यक सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है।वैकल्पिक मार्ग से दर्शन की व्यवस्थाझूला पुल बंद होने के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने पुराने पुल एवं वैकल्पिक मार्ग से मंदिर पहुंचने की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।सावन से पहले बढ़ी चिंताआगामी सावन माह और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए प्रशासन किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहता। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इस पुल से आवागमन करते हैं, ऐसे में समय रहते खराबी का पता चलने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
