भोपाल। राजधानी भोपाल में मूंग की 100% सरकारी खरीदी सहित अन्य मांगों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के दौरान एक साहसिक दृश्य सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग पार करने और सड़क पर खड़ी बस को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान भोपाल की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला बस के सामने डटकर खड़ी हो गईं और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। कुछ देर तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस ने हालात पर नियंत्रण बनाए रखा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लोग मोनिका शुक्ला के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय की सराहना कर रहे हैं। उधर, किसान आंदोलन मूंग की 100% MSP पर खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और अन्य मांगों को लेकर जारी है। सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच मंत्रालय में वार्ता भी हुई। सरकार ने 60% मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित करने और स्लॉट बुकिंग की अवधि बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन कई किसान संगठन अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
