इंदौर। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को इंदौर शहर के सभी 22 ब्लॉक क्षेत्रों में एक साथ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर पूरे मध्यप्रदेश में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के तहत शहर में सुबह 10 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग स्थानों पर जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती कीमतों का विरोध किया।इंदौर के मंगल नगर-सुखलिया क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने एक बाइक को हाथ गाड़ी पर रखकर उसकी प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान शक्कर, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया।प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में किया गया। चौकसे ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं और पेट्रोल-डीजल से लेकर बिजली तक की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है।कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
