यमुना के तेज बहाव में हुआ हादसा, सेना-IAF और SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
यमुनानगर, हरियाणा। हथिनीकुंड बैराज में सेना के जल प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुए हादसे ने सभी को झकझोर दिया। तेज बहाव की चपेट में आने से सेना की मोटरबोट पलट गई और उसमें सवार पांच जवान पानी में बह गए। हादसे के बाद तीन जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो जवान लापता हो गए थे। लापता जवानों की तलाश के लिए सेना, भारतीय वायुसेना, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की SDRF तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। तेज बहाव और बैराज के आसपास बने भंवर के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। हेलिकॉप्टरों की मदद से भी नदी और नहर क्षेत्र में तलाश की गई। अब इस हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। लापता दो सैन्य जवानों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे जवान की तलाश अभी भी जारी है। बताया गया है कि जवान 1 पैरा स्पेशल फोर्स के थे और हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में जल प्रशिक्षण अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान मोटरबोट तेज बहाव और बैराज के गेटों के पास बने भंवर में फंसकर पलट गई।
