इंदौर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस भगवान गणेश का पंचामृत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें भगवान को करीब 7 करोड़ रुपए मूल्य के स्वर्ण आभूषणों और स्वर्ण मुकुट से सजाया गया।मंदिर समिति के अनुसार, भगवान खजराना गणेश को सवा लाख मोदकों का भोग भी अर्पित किया गया। गणेशोत्सव के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।गणेश चतुर्थी के अवसर पर इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी खजराना गणेश मंदिर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और शहर एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।मंदिर समिति के अनुमान के मुताबिक, महोत्सव के पहले दिन करीब ढाई से 3 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जबकि पूरे उत्सव के दौरान 20 से 25 लाख श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।गणेशोत्सव के प्रथम दिवस खजराना गणेश मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
