आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की कार तेज बहाव वाले बरसाती नाले में बह गई। हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 7 लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु ओडिशा से उज्जैन पहुंचे थे। इसके बाद किराए की कार से नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय रास्ते में तेज बारिश के कारण नाला उफान पर था। इसी दौरान कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते बह गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला। इसके बाद कार से सभी आठ शव बरामद किए गए।हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान इस तरह के खतरनाक रास्तों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए।प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटे रहे।
