हिमाचल प्रदेश के कोकसर में हुआ हादसा, शैक्षणिक भ्रमण पर निकले थे हिमालया इंटरनेशनल स्कूल के बच्चे; सभी घायल खतरे से बाहर
इंदौर। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कोकसर में सोमवार (2 नवंबर) को इंदौर के हिमालया इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में सात छात्रों और एक शिक्षक सहित आठ लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार, स्कूल का दल शैक्षणिक एवं पर्यटन भ्रमण पर मनाली पहुंचा था। सोमवार को सभी मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर के रास्ते अटल टनल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप वाहन क्रमांक HP01K9878 का संतुलन बिगड़ गया और टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे खाई में पलट गई।वाहन में इंदौर के हिमालया इंटरनेशनल स्कूल के 11 छात्र, एक शिक्षक और चालक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही कोकसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में कुछ का उपचार मनाली अस्पताल में और अन्य का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिस्सू में किया जा रहा है। केलांग के डीएसपी केडी शर्मा के अनुसार, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बच्चों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
