रतलाम/जावरा। रतलाम जिले के जावरा में मंगलवार सुबह फोरलेन स्थित जैन ढाबे के पास एक टायर दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखे टायरों के साथ पास खड़ी एक कार भी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं, पास की ऑटो पार्ट्स दुकान को भी नुकसान पहुंचा है।
सुबह करीब 6 बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे टायर दुकान के पीछे बने बाड़े में आग लगी थी। शुरुआत में किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग ने दुकान और आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के लिए सबसे पहले जावरा नगर पालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते शुरुआती दो गाड़ियां काम नहीं कर सकीं। इसके बाद अन्य दमकल वाहनों को बुलाया गया। रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचीं करीब 15 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 8:30 बजे आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए पानी के साथ केमिकल का भी इस्तेमाल किया गया।
कार जलकर राख, ऑटो पार्ट्स दुकान को भी नुकसान
इस भीषण आग में दुकान में रखे टायर जलकर खाक हो गए। पास में खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं, नजदीक स्थित ऑटो पार्ट्स दुकान का करीब आधा हिस्सा भी प्रभावित हुआ है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
