कांग्रेस फैला रही सफेद झूठ” — महापौर पुष्यमित्र भार्गव का पलटवार
पानी की रिपोर्ट पर गरमाई सियासत, बोले- वॉटर प्लस शहर को जहरीला बताना गैरजिम्मेदाराना; संकट में भी निगम कर रहा लगातार सप्लाई
इंदौर। शहर के जल संकट को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी संग्राम तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा इंदौर के 90 प्रतिशत पानी को फेल बताए जाने के आरोपों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस की रिपोर्ट को “सफेद झूठ” बताते हुए कहा कि यह स्वच्छ और वॉटर प्लस इंदौर की छवि खराब करने की सुनियोजित साजिश है।महापौर भार्गव ने कहा कि शहर में गर्मी के कारण हजारों निजी बोरिंग सूख गए हैं और कुछ क्षेत्रों में नर्मदा जल कनेक्शन नहीं होने से परेशानी जरूर बढ़ी है, लेकिन नगर निगम लगातार हालात संभालने में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा टैंकरों की संख्या बढ़ाई गई है, नए हाइड्रेंट शुरू किए गए हैं और मैदानी अमला लगातार प्रभावित इलाकों में पानी पहुंचा रहा है।कांग्रेस द्वारा जारी पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए महापौर ने कहा कि प्लास्टिक की बोतलों में सैंपल लेकर पूरे शहर के पानी को जहरीला बताना गैरजिम्मेदाराना और भ्रामक है। उन्होंने पूछा कि यदि कांग्रेस के पास यह रिपोर्ट पहले से मौजूद थी तो उसे सार्वजनिक करने में दो से तीन दिन की देरी क्यों की गई।महापौर ने दावा किया कि नगर निगम के पास पानी सप्लाई और गुणवत्ता से जुड़ा पूरा डेटा उपलब्ध है तथा नियमित रूप से जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि जिस इंदौर को देश में “वॉटर प्लस” का दर्जा मिला है, उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।भार्गव ने आरोप लगाया कि हर संकट के समय कांग्रेस जनहित से ज्यादा राजनीति को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय सभी को मिलकर शहर की समस्याओं के समाधान में सहयोग करना चाहिए।
