घटिया पेंचवर्क वाले ठेकेदारों पर पेनल्टी और 2 हजार मस्टर कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग

इंदौर। नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को शहर कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के नेतृत्व में निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने नामांतरण घोटाले, सड़कों के गड्ढों, टैक्स भुगतान में चेक पर रोक, निगम उद्यान में अंतिम संस्कार और मस्टर कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कई मुद्दे उठाए।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नामांतरण घोटाले का खुलासा हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस ने कहा कि निगम की ओर से जांच कमेटी बनाकर 15 दिन में रिपोर्ट देने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार है।कांग्रेस ने मांग की कि जिन अधिकारियों की आईडी से नामांतरण संबंधी गड़बड़ी हुई, उनकी जिम्मेदारी तय कर तत्काल कार्रवाई की जाए। कांग्रेस का कहना है कि केवल आईडी के दुरुपयोग की जानकारी नहीं होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।बारिश के बाद फिर उभरे सड़क के गड्ढेशहर की सड़कों पर बारिश के बाद दोबारा उभरे गड्ढों को लेकर भी कांग्रेस ने निगम को घेरा। कांग्रेस का आरोप है कि बारिश से पहले लाखों रुपए खर्च कर पेंचवर्क कराया गया था, लेकिन बारिश के बाद कई सड़कों पर फिर गड्ढे हो गए।ज्ञापन में मांग की गई कि जिन ठेकेदारों ने पेंचवर्क किया था, उन्हीं से बिना अतिरिक्त भुगतान दोबारा काम कराया जाए। साथ ही घटिया काम के लिए संबंधित ठेकेदारों पर पेनल्टी लगाई जाए। कांग्रेस ने कहा कि गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।टैक्स भुगतान में चेक पर रोक का विरोधकांग्रेस ने एक लाख रुपए से कम के टैक्स भुगतान के लिए चेक स्वीकार नहीं किए जाने के आदेश पर भी आपत्ति जताई। पार्टी ने इसे नीतिगत निर्णय बताते हुए आदेश वापस लेने की मांग की। साथ ही कांग्रेस ने अपर आयुक्त आकाश सिंह के खिलाफ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की मांग भी रखी।निगम उद्यान में अंतिम संस्कार पर सवालनेमी नगर स्थित नगर निगम के उद्यान में अंतिम संस्कार किए जाने की घटना को लेकर कांग्रेस ने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। कांग्रेस ने संबंधित उपयंत्री, उद्यान दरोगा और जोनल अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।2 हजार मस्टर कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांगकांग्रेस ने निगम में कार्यरत करीब 2 हजार मस्टर कर्मचारियों के विनियमितीकरण का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने सभी पात्र कर्मचारियों की वरीयता सूची जारी कर जल्द नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।इसके अलावा पूर्व में विनियमित किए गए 3709 कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के अनुसार डीए का लाभ देने की मांग भी की गई।कांग्रेस ने निगम प्रशासन से सभी मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
