इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम इंदौर में पदस्थ सहायक राजस्व अधिकारी जितेन्द्र कुमार पिता रामकुमार पाण्डेय के दो ठिकानों पर शुक्रवार को एक साथ छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में की गई।लोकायुक्त के मुताबिक, अधिकारी के करीब 31 वर्ष के सेवाकाल में उसकी अनुमानित वैध आय करीब 80 लाख रुपए रही, जबकि करीब 2 करोड़ 53 लाख रुपए का खर्च सामने आया है। प्रारंभिक जांच में 1 करोड़ 73 लाख 8 हजार 69 रुपए की अनुपातहीन संपत्ति/व्यय का आंकड़ा सामने आया है।जांच में अधिकारी की पत्नी भावना पाण्डेय के नाम से संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है। इनमें जी+3 और जी+2 भवन, छात्रावास संचालन, वाहन खरीद और अन्य खर्च शामिल हैं।मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत कार्रवाई की गई है। लोकायुक्त की टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित टीम शामिल है। लोकायुक्त के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट होगा।
