स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर आज पलवल में पांच किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने तिरंगा यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया. तिरंगा यात्रा जिला पुलिस लाइन पलवल से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में संपन्न हुई. तिरंगा यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में लोगों ने 5 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे को थाम कर भारत माता का जयघोष किया और जय हिंद एवं वंदे मातरम् के नारे लगाए. इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश नायर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, हरेंद्र पाल राणा, हरित बैसला, उपायुक्त जयेंद्र सिंह छिल्लर भी मौजूद थे.5 किलोमीटर लंबे, 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा :देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और तिरंगे के सम्मान का ऐसा विराट दृश्य गुरुवार को पलवल की धरती पर देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया. हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा सशक्तिकरण मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग उमड़े. 5 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे के साथ निकले इस देशभक्ति के कारवां ने पलवल के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया और इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कर दिया.
