इंदौर (राऊ)।राऊ थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक पदाधिकारी और उसके साथियों पर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। हमलावरों ने न केवल युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनकी स्कॉर्पियो कार में भी तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद थाने पर जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी के रूप में हुई है। पीड़ित प्रखर शर्मा और नयन बाफना (सुदामा नगर निवासी) रविवार सुबह कैट रोड स्थित एक कैफे से चाय पीकर अपनी स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। इसी दौरान वेदांत तिवारी, समीर शर्मा और आदित्य ने उनका पीछा किया और बीच रास्ते में घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से युवकों को पीटा और कार के शीशे तोड़ दिए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस पर सियासी दबाव का आरोपघटना के बाद जब घायल युवक शिकायत दर्ज कराने राऊ थाने पहुंचे, तो वहां हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सत्ताधारी दल के दबाव में पुलिस शुरुआत में FIR दर्ज करने से बचती रही। बढ़ते हंगामे और मीडिया के पहुंचने के बाद पुलिस ने आखिरकार मामला दर्ज किया।20 दिन पहले भी हो चुका है विवादसूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब वेदांत तिवारी और उसके साथियों ने इन युवकों को निशाना बनाया हो। करीब 20 दिन पहले महूनाका चौराहे पर भी इन्हें घेरने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब युवक कार भगाकर बच निकले थे। उस समय मामला छत्रीपुरा थाने पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। माना जा रहा है कि इसी समझौते के बाद आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।

