इंदौर के विजय नगर स्थित सी-21 मॉल के डी-मार्ट में एक कर्मचारी की शर्मनाक हरकत सामने आई है। यहां शॉपिंग करने आई एक महिला के बारे में कर्मचारी ने अश्लील टिप्पणी कर दी।जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी पत्नी और नवजात बच्चे के साथ डी-मार्ट में शॉपिंग करने पहुंचा था। बिलिंग के दौरान उसने अपनी पत्नी को साइड में जाने को कहा, जहां महिला नवजात को दूध पिलाने लगी। इसी दौरान बिलिंग काउंटर पर मौजूद एक कर्मचारी ने महिला की ओर इशारा करते हुए अन्य कर्मचारियों से मजाक में कहा, “दूध पिएगा क्या…” और हंसने लगा।महिला के पति ने यह बात सुन ली और तुरंत कर्मचारी का विरोध किया। उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध के बाद भी कर्मचारी अपनी गलती मानने के बजाय हंसता रहा।पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत डी-मार्ट प्रबंधन से की गई, लेकिन मौके पर किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई नहीं की गई और मामले को शांत कराने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद मॉल में महिला ग्राहकों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
