इंदौर। इंदौर-देवास रोड स्थित अर्जुन बड़ौदा ब्रिज पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दुपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के समय वहां से गुजर रहे इंदौर निवासी मनोज भावसार और पत्रकार रवि यादव ने दुर्घटना देखकर तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना देने के करीब 15-20 मिनट बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल की हालत गंभीर देखते हुए मनोज भावसार ने राहगीरों की मदद से घायल को कार में बैठाकर तुरंत समीप के क्षिप्रा स्थित आदिनाथ अस्पताल पहुंचाया।इसके साथ ही घायल के परिजनों को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही घायल की पत्नी और जीजा अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की सलाह पर बाद में घायल को एंबुलेंस से इंदौर के बॉम्बे अस्पताल रेफर किया गया।घायल की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह एक दवा कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम करता है और देवास में रहता है। परिजनों के अनुसार मंजीत मूल रूप से मुंबई का निवासी है।
