भीषण गर्मी के बीच मौसम का खतरनाक यू-टर्न, रेतीले तूफान ने शहर को निगला; वायरल वीडियो देख सहमे लोग
राजस्थान के सबसे गर्म जिलों में शामिल चूरू में शुक्रवार को कुदरत का ऐसा रौद्र रूप देखने को मिला, जिसने लोगों को दहशत में डाल दिया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान में सैकड़ों फीट ऊंची धूल और रेत की विशाल दीवार खड़ी हो गई। रेतीले तूफान ने कुछ ही मिनटों में पूरे शहर और आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया।तूफान इतना भयावह था कि दोपहर में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिससे हाईवे पर दौड़ रहे वाहनों के पहिए थम गए। कई वाहन चालकों ने हेडलाइट जलाकर किसी तरह सुरक्षित स्थानों की तलाश की, जबकि लोग घरों और दुकानों में शरण लेने को मजबूर हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेतीले बवंडर की रफ्तार और आकार इतना बड़ा था कि ऐसा लग रहा था मानो धूल का कोई विशाल पहाड़ शहर की ओर बढ़ रहा हो। इस दौरान कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इस भयावह रेतीले तूफान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में धूल और रेत का विशाल गुबार पूरे इलाके को निगलता दिखाई दे रहा है। वीडियो देखने वाले लोग इसे ‘रेत की सुनामी’ और ‘कुदरत का कहर’ बता रहे हैं।
