Oplus_131072
ओडिशा के भुवनेश्वर-कटक हाईवे से रोड रेज का एक बेहद भयावह मामला सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हाईवे पर ओवरटेकिंग और साइड देने को लेकर एक कार चालक और हाइवा ट्रक चालक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ट्रक चालक ने आपा खो दिया और कार को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद भी हाइवा चालक नहीं रुका। उसने कार को अपने वाहन के साथ फंसाए रखा और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों के बीच दहशत फैल गई।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक कार को घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग चालक की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। गनीमत रही कि इस खौफनाक घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसा किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकता था।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सड़क पर गुस्सा और लापरवाही कितनी खतरनाक हो सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से संयम बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
