Oplus_131072
शुक्रवार रात करीब 9:20 बजे वाराणसी के कड़खियाव गांव स्थित गेल (GAIL) के सीएनजी पंप पर भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब एक वाहन में सीएनजी भरी जा रही थी। अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग की लपटें लगभग 40 से 45 फीट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। पंप पर मौजूद कर्मचारी और वाहन चालक अपनी जान बचाकर मौके से भागे। आग की भयावहता के कारण हाईवे से गुजर रहे लोगों में भी दहशत फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है।
